+3 votes
in Class 12 by kratos

गंगा का हमारे देश के लिए बहुत अधिक महत्व है। गंगा नदी तीन राज्यों में से होकर गुजरती है। वे हैं उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल। भारत के इस मध्यम भाग को ‘गंगा का मैदान’ कहा जाता है। यह प्रदेश अत्यधिक उपजाऊ, संपन्न तथा हरा-भरा है जिसका श्रेय गंगा को ही है। इन राज्यों में कृषि उपज से संबंधित तथा कृषि पर आधारित अनेक उद्योग-धंधे भी फैले हुए हैं जिनसे लाखों लोगों की जीविका तो चलती ही है, राष्ट्रीय आय में वृद्धि भी होती है। पेयजल भी गंगा तथा उसकी नहरों के माध्यम से ही प्राप्त होता है। यदि गंगा न होती तो हमारे देश का एक महत्वपूर्ण भाग बंजर तथा रेगिस्तान होता। इसीलिए गंगा उत्तर भारत की सबसे पवित्र तथा महत्वपूर्ण नदी है। गंगा नदी भारतीय संस्कृति का भी अभिन्न अंग है। भारत के प्राचीन ग्रंथों जैसे वेद, पुराण, महाभारत आदि में गंगा की पवित्रता का वर्णन है। भारत के अनेक तीर्थ गंगा के किनारे पर ही स्थित हैं।

1) भारत के किस भाग को गंगा का मैदान कहा जाता है और क्यों?

2) गंगा के मैदान की क्या विशेषता है?

3) इस गद्यांश के लिए उपयुक्त शीर्षक दीजिए।

4) गंगा भारतीय संस्कृति से कैसे जुड़ी है?

5) यदि गंगा न होती तो क्या होता?

1 Answer

+1 vote
by kratos
 
Best answer

1) भारत के मध्यम भाग को ‘गंगा का मैदान’ कहा जाता है। इसका कारण यह इलाका अत्यधिक उपजाऊ, संपन्न तथा हरा भरा है।
2) इस इलाके में कृषि उपज से संबंधित तथा कृषि पर आधारित अनेक उद्योग-धन्धे फैले – हुए हैं। लाखों लोगों की इससे जीविका चलती है। राष्ट्रीय आय में वृद्धि होती है।
3) ‘जीवनदायिनी गंगा’।
4) भारत के प्राचीन ग्रंथों जैसे वेद, पुराण, महाभारत आदि में गंगा की पवित्रता का वर्णन है। अनेक तीर्थ गंगा के किनारे पर स्थित हैं।
5) यदि गंगा न होती तो हमारे देश का एक महत्वपूर्ण भाग बंजर तथा रेगिस्तान होता।

...